संजय ठाकुर संवाददाता पलासी अररिया
बिहार शिक्षा परियोजना परिषद (समग्र शिक्षा), अररिया एवं यूनिसेफ के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को पलासी स्थित +2 राजकीयकृत लाल बहादुर शास्त्री स्मारक उच्च विद्यालय में क्लीन एंड ग्रीन स्कूल, वॉश इन स्कूल एवं क्लाइमेट लर्निंग विषय पर प्रखंड स्तरीय एक दिवसीय गैर-आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य कुमार रणजीत ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। प्रशिक्षण के प्रथम दिन बैच-1 का सफलतापूर्वक संचालन किया गया।प्रशिक्षण में मुख्य प्रशिक्षक (मास्टर ट्रेनर) के रूप में सीमाब आलम, उच्च माध्यमिक विद्यालय फुलसरा एवं ललिता कुमारी, उत्क्रमित मध्य विद्यालय पोठिया ने विभिन्न गतिविधियों, उदाहरणों और व्यावहारिक तरीकों के माध्यम से नोडल शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया। इस दौरान शाहबाज आलम (एएमएस पलासी), मिनी मधु (गंगावती एनपीएस मजलिसपुर) एवं लखी साह (एमएस डाला) सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य विद्यालयों में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं जलवायु परिवर्तन के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा बच्चों में
सकारात्मक व्यवहार परिवर्तन विकसित करना रहा। प्रशिक्षण सत्र में मिशन 3-स्टार के तहत एक और दो स्टार वाले विद्यालयों को कम से कम तीन स्टार श्रेणी में लाने पर विशेष चर्चा की गई। इसके साथ ही साबुन से 40 से 60 सेकंड तक हाथ धोने के सही मानक, माहवारी स्वच्छता प्रबंधन (एमएचएम), सहेली कक्ष, वर्षा जल संचयन एवं जलवायु अनुकूल सुविधाओं की जानकारी दी गई।वहीं बाल संसद, इको-क्लब एवं विद्यालय शिक्षा समिति (एसएमसी) के सहयोग से विद्यालयों में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को लेकर कार्ययोजना तैयार करने के विभिन्न पहलुओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई।मास्टर ट्रेनरों ने अपने संबोधन में कहा कि स्वच्छता केवल एक आदत नहीं, बल्कि एक संस्कार है। इसी तरह पर्यावरण संरक्षण केवल जिम्मेदारी नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारा कर्तव्य है। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागी शिक्षकों ने अपने-अपने विद्यालयों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं हरित बनाने का संकल्प लिया।














