नजरिया न्यूज़, जोकीहाट, अररिया। अररिया के मनव्वर नगर, जीरो माइल स्थित दारुल उलूम रहमानी में बुधवार की शाम दर्स-ए-खत्म बुखारी शरीफ का आयोजन किया गया। इस मौके पर आयोजित जलसे में बुखारी शरीफ का अध्ययन पूरा करने वाले 14 छात्रों की दस्तारबंदी की गई। उलमा ने पगड़ी पहनाकर छात्रों को सम्मानित किया।
जलसे की अध्यक्षता मौलाना अनवार आलम ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से आए मौलाना व मुफ्ती मकसूद अहमद कदमी शामिल हुए। उन्होंने बुखारी शरीफ की आखिरी हदीस का दर्स दिया। इस दौरान मदरसे के नाजिम मुफ्ती अलीम उद्दीन, कारी सालिम अंजर, काजी अतिकुल्लाह रहमानी, मुफ्ती नसीम उद्दीन और मुफ्ती इनामुल बारी कासमी समेत कई उलमा ने तकरीर पेश की।
दस्तारबंदी पाने वाले छात्रों में मौलवी दिलशाद, मोहम्मद अबसार, अशरफुल हक, मोहम्मद नसीम उद्दीन, मोहम्मद नुमान, राशिद अनवर, मोहम्मद अफजल, शाहनवाज आलम, दिलशाद, मोहम्मद हसनैन, मोहम्मद जाहिद, मोहम्मद मोअज्जम, मोहम्मद तौसीफ आलम और मोहम्मद इकबाल शामिल हैं।
कार्यक्रम में कारी कमरुज्जमा ने नात पेश की। देर रात दुआ के साथ जलसे का समापन हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और अकीदतमंद मौजूद रहे।




















