संजय ठाकुर संवाददाता पलासी अररिया
पलासी प्रखंड क्षेत्र की कुजरी पंचायत स्थित संथाली चौक में आगामी 23 एवं 24 फरवरी 2027 को दो दिवसीय संतमत सत्संग का भव्य आयोजन किया जाएगा। परम पूज्य महर्षि मेही परमहंस जी महाराज के अनुयायी बाबा व्यासानन्द जी महाराज की अध्यक्षता में आयोजित होने वाले इस आध्यात्मिक कार्यक्रम को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।आयोजन की सफलता को लेकर बीते दिनों अधिवक्ता काशीनाथ विश्वास के नेतृत्व में ग्रामीणों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सत्संग को शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं भव्य तरीके से संपन्न कराने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही आयोजन की विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।बैठक में वक्ताओं ने कहा कि संतमत सत्संग केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि मानव जीवन को सही दिशा देने और आत्मज्ञान प्राप्त करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। ऐसे आयोजनों से समाज में प्रेम, सद्भाव, भाईचारा, सत्य, अहिंसा,
नैतिकता एवं परोपकार की भावना मजबूत होती है। संतों के प्रवचन से लोगों को सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा मिलती है।बैठक में निर्णय लिया गया कि सत्संग के आयोजन के लिए पर्याप्त भूमि की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए संबंधित किसानों से संपर्क कर फरवरी 2027 में कार्यक्रम के मद्देनजर अपनी खेतिहर जमीन परती रखने का आग्रह किया गया है, ताकि बाहर से आने वाले संत-महात्माओं एवं श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।ग्रामीणों ने कहा कि इस आध्यात्मिक ज्ञान यज्ञ को सफल बनाने के लिए सभी लोगों का सहयोग और सामूहिक सहभागिता जरूरी है। आयोजन को लेकर क्षेत्र के लोगों में उत्साह देखा जा रहा है।














