- आरटीआई के तहत मांगी गई जानकारी नहीं मिलने पर अपर समाहर्ता ने बीडीओ को किया तलब
- 25 नवंबर को साक्ष्य के साथ उपस्थित होकर जानकारी उपलब्ध कराने का निर्देश
नजरिया न्यूज़,सहरसा। विकास कुमार।
सौरबाजार प्रखंड क्षेत्र के रौताखेम पंचायत स्थित इन्दरवा गांव में पंचायत समिति मद से 15वीं वित्त योजना के तहत कराए गए सड़क निर्माण कार्य में अनियमितता का आरोप लगाते हुए स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताई है। इस मामले में पूर्व मुखिया अमरेंद्र यादव ने प्रखंड विकास पदाधिकारी से सूचना के अधिकार अधिनियम के तहत योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी मांगी थी लेकिन लंबे समय बाद भी सूचना उपलब्ध नहीं कराए जाने पर मामला अब अपर समाहर्ता कार्यालय तक पहुंच गया है।मिली जानकारी के अनुसार, इन्दरवा गांव में पंचायत समिति की अनुशंसा पर 15वीं वित्त योजना संख्या 20/2024-25 के तहत पोखर गाछ से गुनेश्वर यादव के घर तक मिट्टी भराई, सोलिंग, नाला निर्माण एवं पीसीसी ढलाई का कार्य कराया गया है।
पूर्व मुखिया ने आरोप लगाया है कि योजना के प्राक्कलन यानी एस्टीमेट के अनुरूप कार्यस्थल पर काम नहीं कराया गया है। इसी को लेकर उन्होंने योजना की वास्तविक स्थिति और खर्च का ब्योरा जानने के लिए आरटीआई के माध्यम से आवेदन दिया था।पूर्व मुखिया ने योजना की कुल स्वीकृत राशि, निर्माण कार्य पूरा करने की निर्धारित अवधि, योजना में लगाए गए मजदूरों की सूची एवं उन्हें किए गए मजदूरी भुगतान का विवरण मांगा है। इसके अलावा निर्माण में इस्तेमाल की गई सामग्री कहां से खरीदी गई तथा संबंधित आपूर्तिकर्ताओं को कितनी राशि का भुगतान किया गया, इसकी जानकारी भी मांगी गई है।बताया जाता है कि प्रखंड विकास पदाधिकारी द्वारा निर्धारित समय तक सूचना उपलब्ध नहीं कराए जाने के बाद पूर्व मुखिया ने अपर समाहर्ता, सहरसा के माध्यम से मामले में कार्रवाई की मांग की।अपर समाहर्ता कार्यालय की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि सौरबाजार प्रखंड विकास पदाधिकारी से बार-बार जानकारी मांगे जाने के बावजूद अब तक सूचना उपलब्ध नहीं कराई गई है। इस संबंध में 25 नवंबर को संबंधित साक्ष्य के साथ स्वयं उपस्थित होकर मामले की जानकारी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। अब देखना यह है कि निर्धारित तिथि पर मामले में क्या जानकारी सामने आती है और सड़क निर्माण कार्य की गुणवत्ता एवं खर्च को लेकर उठाए गए सवालों पर संबंधित विभाग क्या जवाब देता है।


















