- जोकीहाट में निजी स्वास्थ्य संस्थानों पर अधिकारियों की छापेमारी, पहले भी सील हो चुका है न्यू आशा चिल्ड्रेन नर्सिंग होम
जोकीहाट/अररिया। जोकीहाट प्रखंड क्षेत्र में बुधवार को निजी नर्सिंग होमों के खिलाफ अधिकारियों की टीम ने छापेमारी की। इस दौरान भेभड़ा चौक स्थित न्यू आशा चिल्ड्रेन नर्सिंग होम की व्यवस्था देखकर अधिकारी नाराज हो गए। वहीं, लवली नर्सिंग होम में जांच के दौरान उसके कागजात सही पाए गए।
गौरतलब है कि न्यू आशा चिल्ड्रेन नर्सिंग होम को इससे पहले भी स्वास्थ्य विभाग की ओर से सील किया जा चुका है। बुधवार को हुई छापेमारी के दौरान यहां की व्यवस्था और कागजातों को लेकर अधिकारियों ने सवाल उठाए। वरीय उप समाहर्ता अभिजीत कुमार ने कहा कि अस्पताल के कागजात प्रथम दृष्टया वैध नहीं दिख रहे हैं। हालांकि, दस्तावेजों की विस्तृत जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
लवली नर्सिंग होम के दस्तावेज मिले सही
छापेमारी के दौरान अधिकारियों की टीम सबसे पहले लवली नर्सिंग होम पहुंची। यहां अस्पताल से संबंधित कागजातों की जांच की गई। इस दौरान संचालक सह चिकित्सक डॉ. आसिफ ने आवश्यक दस्तावेज अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किए। जांच के दौरान लवली नर्सिंग होम के कागजात सही पाए गए। इसके बाद टीम ने राजा हॉस्पिटल, सरोजनी नर्सिंग होम समेत अन्य निजी स्वास्थ्य संस्थानों में भी छापेमारी कर दस्तावेजों और उपलब्ध व्यवस्थाओं की जांच की।
छापेमारी की भनक लगते ही कई केंद्रों के गिरे शटर
अधिकारियों की छापेमारी की सूचना फैलते ही क्षेत्र में संचालित कई कथित अवैध नर्सिंग होम, पैथोलॉजी सेंटर और अल्ट्रासाउंड केंद्रों के संचालकों ने अपने प्रतिष्ठान बंद कर दिए। इसके कारण कई केंद्रों पर जांच नहीं हो सकी।
छापेमारी टीम में वरीय उप समाहर्ता अभिजीत कुमार, जोकीहाट के अंचलाधिकारी हर्ष हरि, पलासी के अंचलाधिकारी तथा सिकटी के प्राथमिक चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अजमत राणा शामिल थे। इस दौरान जोकीहाट पुलिस के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
निजी स्वास्थ्य संस्थानों के खिलाफ इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। अब संबंधित संस्थानों के दस्तावेजों की विस्तृत जांच और आगे की कार्रवाई पर लोगों की नजरें टिकी हैं।


















