- बच्चे बाइक से ठोकर लगने पर मजदूर की बेरहमी से पिटाई,
– हालत गंभीर
लोहे की रॉड से हमला कर किया घायल, बाइक भी छीनी; बेहोशी की हालत में सदर अस्पताल रेफर
नजरिया न्यूज़,
भरगामा/अररिया। भरगामा थाना क्षेत्र के सिरसिया-हनुमानगंज पंचायत स्थित टप्पू टोला वार्ड संख्या तीन में मस्जिद के समीप एक बाइक सवार मजदूर की बेरहमी से पिटाई का मामला सामने आया है। आरोप है कि बाइक से एक बच्चे को हल्की ठोकर लगने के बाद आक्रोशित लोगों ने मजदूर पर लोहे की रॉड और अन्य हथियारों से हमला कर दिया। इस दौरान उसकी बाइक भी छीन ली गई।
घायल की पहचान वार्ड संख्या छह निवासी भूपेंद्र शर्मा के पुत्र सर्वेश कुमार शर्मा के रूप में हुई है। घायल के भाई दशरथ शर्मा ने थाना में आवेदन देकर आरोप लगाया कि सर्वेश तीन अन्य मजदूरों के साथ मजदूरी कर बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान टप्पू टोला में एक बच्चे को बाइक से ठोकर लग गई। हालांकि, बच्चे को चोट नहीं आई, लेकिन कुछ लोगों ने सर्वेश को घेरकर बेरहमी से पीट दिया।
परिजनों ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भरगामा में भर्ती कराया। चिकित्सक डॉ. आशुतोष कुमार ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति और बेहोशी को देखते हुए उसे सदर अस्पताल अररिया रेफर कर दिया।
सूचना पर एसआई गुड्डू कुमार अस्पताल पहुंचे और परिजनों से घटना की जानकारी ली। प्रभारी थानाध्यक्ष सोनू कुमार ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






















