नजरिया न्यूज़, अररिया। मन्टू राय।
जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता-2026 का शुभारंभ मंगलवार को नेताजी सुभाष स्टेडियम, अररिया में जिला पदाधिकारी विनोद दूहन ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। खेल विभाग, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण पटना एवं जिला प्रशासन अररिया के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह प्रतियोगिता 29 सितंबर से 1 अक्टूबर तक चलेगी।
उद्घाटन समारोह में जिलाधिकारी ने प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना को मजबूत करता है। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरी खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने और अपनी प्रतिभा का बेहतर प्रदर्शन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि विद्यालय स्तर की ऐसी प्रतियोगिताएं बच्चों को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराती हैं।
प्रतियोगिता की विभिन्न स्पर्धाएं नेताजी सुभाष स्टेडियम, इंडोर स्टेडियम तथा खेल भवन-सह-व्यायामशाला, अररिया में आयोजित की जा रही हैं। प्रतियोगिता में एथलेटिक्स, फुटबॉल, वॉलीबॉल, कबड्डी, बैडमिंटन, कुश्ती, शतरंज, योगा, क्रिकेट, वूशु, हॉकी, रग्बी, खो-खो, साइकिलिंग, टेबल टेनिस, तीरंदाजी, तलवारबाजी और सेपक टकरा समेत कई खेल शामिल हैं।
इन प्रतियोगिताओं में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग के बालक-बालिकाएं हिस्सा ले रहे हैं। जिला प्रशासन ने सभी विद्यालयों की सहभागिता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। प्रतियोगिता के माध्यम से जिले की खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देने का प्रयास किया जा रहा है।
इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।





















