नजरिया न्यूज़,अररिया। नगर परिषद के वार्ड संख्या 16 में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में पहल की गई। वार्ड पार्षद सह सदस्य स्थायी समिति नीतू कुमारी ने मंगलवार को ‘पार्षद आपके द्वार’ कार्यक्रम के तहत लोगों के बीच डस्टबिन का वितरण किया।
इस दौरान लोगों को सूखा और गीला कचरा अलग-अलग रखने के लिए दो-दो डस्टबिन दिए गए। पार्षद ने लोगों से अपील की कि घरों से निकलने वाले कचरे को निर्धारित डस्टबिन में ही रखें और गीले व सूखे कचरे को अलग-अलग कर नगर परिषद के सफाई कर्मियों को दें।
नीतू कुमारी ने कहा कि स्वच्छ वार्ड बनाने के लिए केवल नगर परिषद की व्यवस्था पर्याप्त नहीं है, बल्कि आम लोगों की भागीदारी भी जरूरी है। कचरे का सही तरीके से पृथक्करण होने से सफाई व्यवस्था सुचारू होगी और गंदगी से होने वाली समस्याओं पर भी रोक लगेगी। उन्होंने वार्डवासियों से स्वच्छता अभियान में सहयोग करने की अपील की।