संजय ठाकुर संवाददाता पलासी अररिया 
पलासी प्रखंड क्षेत्र के डेहटी दक्षिण पंचायत स्थित पंचायत बाढ़ आश्रय स्थल में मंगलवार को “सबका सम्मान–जीवन आसान” अभियान के तहत सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं विभागों से संबंधित समस्याओं के समाधान की उम्मीद लेकर बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। सुबह से ही आश्रय स्थल परिसर में ग्रामीणों की भीड़ जुटी रही।शिविर की अध्यक्षता बीडीओ कुमार अनिकेत ने की। इस दौरान सीओ अंशु कुमार सिंह, थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार, पीओ अख्तर आलम, बीपीओ शब्बीर आलम, एमओ कुमुद सिंह, बीएओ अनुराग विश्वास, पंचायत के मुखिया मो. रागीव उर्फ बबलू, उपमुखिया मो. मंजर आलम सहित विभिन्न
विभागों के अधिकारी, कर्मी एवं समाजसेवी मौजूद रहे।ग्रामीणों की सुविधा के लिए शिविर में स्वास्थ्य, बिजली, कृषि, मनरेगा, मत्स्य, आयुष्मान भारत, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, जाति, आय एवं निवास प्रमाण पत्र, प्रधानमंत्री आवास योजना, थाना तथा आंगनबाड़ी समेत कई विभागों के अलग-अलग काउंटर लगाए गए थे। ग्रामीणों ने अपने-अपने विभाग से संबंधित समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा तथा आवेदन भी जमा किए।पूर्व से किए गए प्रचार-प्रसार के कारण शिविर में सुबह से ही लोगों का पहुंचना शुरू हो गया था। अधिकारियों एवं कर्मियों ने ग्रामीणों की समस्याओं को बारी-बारी से सुना और संबंधित विभाग के कर्मियों को नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया।सीओ अंशु कुमार सिंह ने कहा कि शिविर में प्राप्त आवेदनों की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। सरकार का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर ही समयबद्ध समाधान करना है।वहीं बीडीओ कुमार अनिकेत ने कहा कि सहयोग शिविर का मुख्य उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक पहुंचाना तथा ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित एवं पारदर्शी तरीके से समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने ग्रामीणों से सरकारी योजनाओं का लाभ लेने तथा भविष्य में आयोजित होने वाले शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की।शिविर के दौरान कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया गया, जबकि अन्य आवेदनों को संबंधित विभागों को अग्रेतर कार्रवाई के लिए भेजा गया। एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मियों की
मौजूदगी से ग्रामीणों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से काफी राहत मिली।कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ. जहांगीर आलम, आवास पर्यवेक्षक चंदन कुमार, महिला पर्यवेक्षिका श्वेता कुमारी, नितिश कुमार, निधि रानी, प्रकाश कुमार कर्मचारी रौशन कुमार, मो. शमशाद, मो. तहसीन आलम, मो. राजा आलम एवं मो. अनीस समेत अन्य कर्मियों ने सहयोग किया।ग्रामीणों ने सहयोग शिविर की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन से सरकारी योजनाओं और सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया आसान हो रही है।












