संजय ठाकुर संवाददाता पलासी अररिया
पलासी प्रखंड मुख्यालय स्थित सभा भवन में मंगलवार को प्रखंड स्तरीय 20 सूत्री कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की पहली बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता 20 सूत्री अध्यक्ष बिहारी ठाकुर ने की, जबकि कार्यपालक पदाधिकारी के रूप में बीडीओ कुमार अनिकेत मौजूद रहे।बैठक में जोकीहाट विधायक मोहम्मद मुर्शीद आलम, प्रमुख प्रतिनिधि सदानंद यादव, सीडीपीओ सदानंद दास, एमओ कुमुद कुमार सिंह, प्रभारी चिकित्सक डॉ. जहांगीर आलम, पीओ अख्तर आलम, जीविका के बीपीएम सब्बीर अहमद, एसआई रंजीत कुमार सहित 20 सूत्री समिति के सदस्य शाद आलम, गोपाल कृष्ण मंडल व अन्य सदस्य मौजूद थे। बैठक की शुरुआत सभी सदस्यों के परिचय के साथ हुई।बैठक में प्रखंड क्षेत्र में पशु चिकित्सक के नहीं रहने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। सदस्यों ने पशुओं को समय पर उचित इलाज नहीं मिलने की समस्या पर चिंता जताई। वहीं प्रखंड एवं अंचल कार्यालय के कर्मियों के निर्धारित समय पर कार्यालय नहीं पहुंचने का मामला भी उठाया गया। सदस्यों ने कहा कि कर्मियों के समय पर नहीं आने से आम लोगों के कार्यों का निष्पादन प्रभावित हो रहा है।बैठक में अंचलाधिकारी के अनुपस्थित रहने पर सदस्यों ने नाराजगी व्यक्त की। इस संबंध में उनसे स्पष्टीकरण पूछने का निर्णय लिया गया। साथ ही सभी कर्मचारियों को रोस्टर के अनुसार संबंधित पंचायतों में जाकर कार्य करने का निर्देश देने की बात कही गई।समिति सदस्यों ने सरकार द्वारा संचालित योजनाओं के बोर्ड पर योजना का नाम, लागत एवं लंबाई सहित अन्य आवश्यक जानकारी अंकित करने की मांग की। बैठक में वार्ड संख्या 81, 82 और 83 के केंद्र एक ही वार्ड में संचालित होने का मुद्दा भी उठाया गया तथा इसकी जांच कर प्रतिवेदन उपलब्ध कराने की मांग की गई।दिघली पंचायत के आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 47 एवं 41 सरकारी भवन उपलब्ध रहने के बावजूद किराए के भवन में संचालित होने का मामला भी बैठक में उठा। सदस्यों ने इसकी जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की।
बैठक में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पलासी में महिला चिकित्सक एवं एमबीबीएस चिकित्सकों की पदस्थापना की मांग की गई। वहीं समिति सदस्यों ने पलासी बाजार को अतिक्रमण मुक्त कराने तथा बस पड़ाव को खाली कराकर वहां बसों के संचालन की समुचित व्यवस्था करने का मुद्दा भी उठाया।जनवितरण प्रणाली की समीक्षा के दौरान एमओ कुमुद कुमार सिंह ने बताया कि नए राशन कार्ड के लिए करीब तीन हजार आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनके निष्पादन की प्रक्रिया जारी है। बैठक में प्रखंड क्षेत्र में संचालित निजी विद्यालयों की भी जानकारी दी गई। बताया गया कि प्रखंड में कुल 29 निजी विद्यालय संचालित हैं, जिनमें से 19 विद्यालयों को ही निबंधन प्राप्त है।बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों से अवैध उगाही का आरोप भी सदस्यों ने उठाया। इस पर सीडीपीओ सदानंद दास ने आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन एवं वहां संचालित गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी।
चहटपुर पंचायत के वार्ड संख्या 01 एवं 02 में सोलर लाइट नहीं लगाए जाने का मुद्दा भी बैठक में उठाया गया। कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान सदस्यों ने खाद की कालाबाजारी एवं सरकार द्वारा निर्धारित दर से अधिक मूल्य वसूले जाने का मामला उठाया।विधायक मोहम्मद मुर्शीद आलम ने फसल क्षतिपूर्ति योजना के लाभ वितरण में अनियमितता का आरोप लगाते हुए कहा कि लाभ के वास्तविक हकदारों को योजना का समुचित लाभ नहीं मिल रहा है। उन्होंने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की। सदस्यों ने बीज वितरण में भी भारी अनियमितता का मुद्दा उठाया। इस दौरान बीएओ अनुराग कुमार ने कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।बैठक में मुख्य रूप से शाद आलम, रामानंद साह, गोपाल कृष्ण मंडल, मखमूर हयात, शमीम आलम, रमेश चौधरी, संजीव चौधरी, जगरनाथ झा सहित कई समिति सदस्य उपस्थित थे।


















