संजय ठाकुर संवाददाता पलासी अररिया
पलासी थाना पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ चलाए गए अभियान के दौरान मजलिसपुर गांव के दो अलग-अलग वार्डों से कुल 15 लीटर देसी चुलाई शराब बरामद की है। इस मामले में दो लोगों के विरुद्ध पलासी थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।6 सितंबर को पुलिस टीम संध्या गश्ती, वाहन जांच एवं अवैध शराब के विरुद्ध छापेमारी अभियान पर निकली थी। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि मजलिसपुर वार्ड संख्या-07 निवासी सुनील ऋषिदेव अपने घर में देसी चुलाई शराब बनाकर बेच रहा है। मौके पर पहुंची तो पुलिस वाहन को देखकर एक व्यक्ति भागने लगा। पुलिस बल ने उसका पीछा किया, लेकिन वह संकीर्ण गलियों का फायदा उठाकर फरार हो गया। महाल चौकीदार ने फरार व्यक्ति की पहचान सुनील ऋषिदेव के रूप में की। इसके बाद उसके घर की तलाशी के दौरान चौका घर से दो प्लास्टिक गैलनों में रखी कुल 10 लीटर देसी चुलाई शराब बरामद की गई।पुनः गुप्त सूचना पर मजलिसपुर वार्ड संख्या-10 निवासी लुकी हांसदा अपने घर में अवैध रूप से देसी चुलाई शराब रखकर बेच रहा है। पुलिस टीम जब उसके घर के पास पहुंची तो एक व्यक्ति पुलिस को देखकर धान के खेत की ओर भाग निकला। चौकीदार द्वारा उसकी पहचान लुकी हांसदा के रूप में की गई। उसके घर की तलाशी ली गई तो घर से एक प्लास्टिक गैलन में रखी 5 लीटर देसी चुलाई शराब बरामद की गई। दोनों स्थानों से कुल 15 लीटर देसी चुलाई शराब जब्त कर थाना लाया गया । इस मामले में पलासी थाना कांड संख्या 367/26 दर्ज किया गया है।पलासी थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार ने बताया कि अवैध शराब के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। मामले में दोनों आरोपितों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।













