संजय ठाकुर संवाददाता पलासी अररिया 
अररिया पलासी थाना क्षेत्र के मोहिनिया पुल के समीप CNG और मोटरसाइकिल की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में तीन लोग घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को सड़क से उठाकर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।जानकारी के अनुसार, चहटपुर पंचायत के वार्ड संख्या आठ निवासी बिंदु तत्मा, पिता तेतेलाल तत्मा, अपनी पत्नी रूबी कुमारी के साथ पलासी मार्केट से मोटरसाइकिल पर सवार होकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान मोहिनिया पुल के पास सामने से आ रही CNG से उनकी मोटरसाइकिल की सीधी टक्कर हो गई। अचानक हुई टक्कर के कारण मोटरसाइकिल सवार दंपती सड़क पर गिर पड़े और दोनों घायल हो गए।इस दुर्घटना में मोटरसाइकिल सवार बिंदु तत्मा और उनकी पत्नी रूबी कुमारी के अलावा CNG पर सवार उन्नी खातून, पति मुस्तकीम खान, निवासी बांशर पंचायत, भीखा, घायल हो गईं। टक्कर की आवाज सुनकर
आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों की मदद में जुट गए।घटना की सूचना पलासी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही अमरनाथ राय मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों के सहयोग से सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सक डॉ. चंदन कुमार ने तीनों घायलों की जांच कर प्राथमिक उपचार किया।उपचार के दौरान बिंदु तत्मा की स्थिति गंभीर बताई गई। चिकित्सक ने उनकी हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए अररिया रेफर कर दिया। वहीं, रूबी कुमारी और उन्नी खातून का प्राथमिक उपचार किया गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद घायलों के परिजन भी अस्पताल पहुंचे, जिसके बाद अस्पताल परिसर में कुछ समय तक भीड़ लगी रही।इधर, हादसे की खबर फैलते ही मोहिनिया पुल के पास स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल और CNG को सड़क किनारे करवाकर आवागमन सामान्य कराया। घटना के कारण कुछ समय तक पुल के आसपास यातायात भी प्रभावित रहा।स्थानीय लोगों ने बताया कि मोहिनिया पुल के आसपास वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। पुल के समीप तेज रफ्तार और आमने-सामने से आने वाले वाहनों के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। लोगों ने वाहन चालकों से सावधानीपूर्वक और नियंत्रित गति से वाहन चलाने की अपील की है।














