संजय ठाकुर संवाददाता पलासी अररिया
पलासी। रक्षाबंधन पर्व को लेकर पलासी प्रखंड क्षेत्र के बाजारों में रौनक बढ़ गई है। सावन पूर्णिमा के अवसर पर मनाए जाने वाले इस पर्व को लेकर बाजारों में राखी की दुकानें आकर्षक और रंग-बिरंगी राखियों से सज गई हैं। बहनें अपने भाइयों की कलाई पर बांधने के लिए मनपसंद राखियों की खरीदारी में जुटी हैं।कनखुदिया, मेहरू चौक, काली चौक और कलियागंज बाजार सहित विभिन्न ग्रामीण हाटों में राखी की दुकानों पर सुबह से ही ग्राहकों की भीड़ देखने को मिल रही है। दुकानों पर पांच रुपये से लेकर 300 रुपये तक की राखियां उपलब्ध हैं। इस बार कार्टून कैरेक्टर, स्पिनर, लाइट वाली राखी, रुद्राक्ष, चंदन, ब्रेसलेट और स्टोन
वर्क वाली फैंसी राखियों की मांग अधिक है।छोटे बच्चों के लिए मोटू-पतलू, स्पाइडरमैन और छोटा भीम वाली राखियां विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। वहीं, बहनें राखी के साथ अपने भाइयों के लिए मिठाई और उपहार भी खरीद रही हैं। इसके कारण मिठाई और गिफ्ट की दुकानों पर भी ग्राहकों की चहल-पहल बढ़ गई है।खरीदारी करने पहुंचीं बहनों ने बताया कि वे इस बार भाइयों के लिए सुंदर और टिकाऊ राखी पसंद कर रही हैं। वहीं, दुकानदार संतोष जायसवाल, संजय
ठाकुर, पप्पू साह रंजीत भगत समेत अन्य दुकानदारों ने बताया कि महंगाई के कारण इस वर्ष राखियों के दाम में पिछले वर्ष की तुलना में करीब 15 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हुई है। इसके बावजूद ग्राहकों में राखी की खरीदारी को लेकर उत्साह बना हुआ है।















