संजय ठाकुर संवाददाता पलासी अररिया
पलासी प्रखंड क्षेत्र के मजलिसपुर पंचायत अंतर्गत बेलबाड़ी गांव स्थित शिव मंदिर परिसर में 21 अगस्त 2026 की संध्या से शुरू हुआ तीन दिवसीय अखंड अष्टयाम सोमवार, 24 अगस्त को विधिवत संपन्न हुआ। अष्टयाम के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल में डूबा रहा। विभिन्न गांवों से पहुंची सात कीर्तन मंडलियों ने लगातार भक्ति गीतों एवं संकीर्तन की प्रस्तुति दी। इस दौरान पूरा बेलबाड़ी गांव हर-हर महादेव और भक्ति गीतों से गुंजायमान रहा। शिव भक्तों ने अष्टयाम में शामिल होकर भगवान शिव की पूजा-अर्चना की। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर भगवान शिव का आशीर्वाद लिया। शिव मंदिर के संस्थापक सह मंदिर कमिटी के अध्यक्ष रंजीत यादव ने बताया कि मंदिर की स्थापना के समय से ही प्रत्येक वर्ष अखंड अष्टयाम का आयोजन किया जाता है। उन्होंने कहा कि मंदिर में श्रद्धा के साथ मन्नत मांगने वाले शिव भक्तों की
मनोकामनाएं पूरी होती हैं। इसी आस्था के कारण प्रत्येक वर्ष आयोजन में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती जा रही है। अष्टयाम के समापन के अवसर पर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही। पूरे आयोजन के दौरान भक्तों ने उत्साह और श्रद्धा के साथ संकीर्तन में भाग लिया।आयोजन को सफल बनाने के लिए विभिन्न गांवों से सात कीर्तन मंडलियों को आमंत्रित किया गया था। अखंड अष्टयाम के दौरान मंदिर कमिटी के सदस्यों ने व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभाली। आयोजन को सफल बनाने में डॉ. हरि प्रसाद यादव, बद्रीनारायण यादव, संजय यादव, पंचानंद यादव, मोतीलाल मुखिया, नरेश यादव एवं महेश यादव सहित दर्जनों लोगों ने सहयोग किया। मंदिर कमिटी के सदस्यों एवं ग्रामीणों के सहयोग से तीन दिवसीय धार्मिक आयोजन शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।
समापन के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण भी किया गया। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव से क्षेत्र में सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। आयोजन को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला।अंत में मंदिर कमिटी के अध्यक्ष रंजीत यादव ने सभी सहयोगियों, कीर्तन मंडलियों को पारितोषिक एवं श्रद्धालुओं के प्रति आभार जताया।










