संजय ठाकुर संवाददाता पलासी अररिया
पलासी। प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत मजलिसपुर पंचायत के बेलबाड़ी गांव स्थित भाजपा नेता रंजीत यादव द्वारा निर्मित शिवमंदिर इन दिनों हर-भोला, हर-शिवा के भक्ति धुन से गुंजायमान है। मंदिर परिसर में 21 अगस्त शुक्रवार की शाम सात बजे से 61 घंटे का अखंड कीर्तन शुरू हुआ, जिसका समापन 24 अगस्त सोमवार की सुबह आठ बजे होना है। धार्मिक अनुष्ठान को लेकर आसपास के गांवों में भी श्रद्धा और उत्साह का माहौल बना हुआ है।मंदिर के संस्थापक सह शिवमंदिर कमिटी के अध्यक्ष रंजीत यादव ने बताया कि मंदिर निर्माण के समय से ही प्रत्येक वर्ष इस तरह के धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है।
उन्होंने कहा कि इस मंदिर के प्रति श्रद्धालुओं में गहरी आस्था है। मान्यता है कि यहां श्रद्धापूर्वक मांगी गई मनोकामनाएं और मन्नतें पूरी होती हैं।अखंड कीर्तन में स्थानीय सहित द्वारगांव, इस्तमिरार, कुजरी, बलुआ, पकरी एवं गड़हारा गांव से कुल सात कीर्तन मंडलियों के दल शामिल हुए हैं। कीर्तन मंडलियों द्वारा लगातार भक्ति गीतों की प्रस्तुति से पूरा इलाका भक्तिमय वातावरण में डूबा हुआ है। श्रद्धालु बड़ी संख्या में मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना और कीर्तन में भाग ले रहे हैं।
आयोजन को सफल बनाने में बद्रीनारायण यादव, विष्णुलाल यादव, संजय यादव, नरेश यादव, अमोद झा, पंचानंद यादव, योगेंद्र यादव सहित कई स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर योगदान दिया। मंदिर कमिटी एवं ग्रामीणों द्वारा अनुष्ठान की व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है।













