संजय ठाकुर संवाददाता पलासी अररिया
अररिया, 22 अगस्त 2026। जिला पदाधिकारी अररिया श्री विनोद दूहन के निर्देश पर शनिवार को जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर टेक होम राशन (THR) का वितरण किया गया। लाभार्थियों को निर्धारित मात्रा में पोषाहार उपलब्ध कराने तथा वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए जिला स्तर से नामित जांच पदाधिकारियों ने विभिन्न प्रखंडों के आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने THR वितरण की स्थिति का जायजा लिया और वितरण पंजी में दर्ज लाभार्थियों का मौके पर उपस्थित लाभार्थियों से मिलान किया। अधिकारियों ने FRS (फेस रिकग्निशन सिस्टम) के माध्यम से लाभार्थियों को पोषाहार उपलब्ध कराने की प्रक्रिया की भी जांच की।जांच के दौरान यह सुनिश्चित किया गया कि निर्धारित मानकों एवं मात्रा के अनुरूप ही पात्र लाभार्थियों को पोषाहार दिया जा रहा है। अधिकारियों ने आंगनबाड़ी केंद्रों की मूलभूत सुविधाओं, साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया।इस दौरान संबंधित सेविका एवं सहायिका को THR वितरण में पूरी पारदर्शिता बरतने तथा सभी पात्र लाभार्थियों को निर्धारित मात्रा में पोषाहार उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
जिला प्रशासन की ओर से आंगनबाड़ी केंद्रों पर संचालित पोषण संबंधी योजनाओं की नियमित निगरानी एवं निरीक्षण जारी रखने की बात कही गई है। प्रशासन का उद्देश्य योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक सुगमता, गुणवत्ता और पारदर्शी तरीके से पहुंचाना है।








