संजय ठाकुर संवाददाता पलासी अररिया
पलासी प्रखंड कार्यालय परिसर पलासी में शनिवार को अंचलाधिकारी अंशु कुमार की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में विभिन्न राजस्व एवं भूमि संबंधी समस्याओं से जुड़े कुल नौ मामलों की सुनवाई की गई। सुनवाई के दौरान अधिकारियों ने संबंधित पक्षों की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए छह मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया।जनता दरबार में शेष मामलों के निष्पादन को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अंचलाधिकारी अंशु कुमार ने कहा कि जनता की
समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए नियमित रूप से जनता दरबार आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने संबंधित लोगों से आवश्यक कागजात के साथ उपस्थित होकर अपनी समस्याओं का समाधान कराने की अपील की।इस अवसर पर राजस्व अधिकारी विदिशा सिंह, अंचल निरीक्षक पवन पंडित एवं अंचल कार्यालय सहायक मो. मुशर्रफ समेत अन्य कर्मी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने कहा कि जनता दरबार के माध्यम से लोगों को कार्यालय का चक्कर लगाने से राहत मिल रही है और उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है।








