संजय ठाकुर संवाददाता पलासी अररिया 
पलासी (अररिया)। पलासी थाना पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल के मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान पलासी टोला वार्ड संख्या 08 निवासी सतीश कुमार चौधरी (27) और धर्मगंज वार्ड संख्या 09 निवासी अजय कुमार मंडल (28) के रूप में हुई है।पुलिस के अनुसार, 21 अगस्त को आपातकालीन ड्यूटी के दौरान डायल-112 पर शिकायत संख्या 6990590 के माध्यम से सूचना मिली कि धर्मगंज में ग्रामीणों ने एक व्यक्ति को मोटरसाइकिल के साथ पकड़ रखा है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक को मोटरसाइकिल सहित कब्जे में लिया।पूछताछ में सतीश कुमार चौधरी ने पुलिस को बताया कि बरदाहा थाना क्षेत्र में पड़ने वाले रेलवे स्टेशन से उसने हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल चोरी की थी। बरामद मोटरसाइकिल का पंजीकरण नंबर बीआर-38एएफ-9505 बताया गया है।पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान सतीश ने यह भी बताया कि पूर्व में जोकीहाट थाना क्षेत्र से एक ग्लैमर मोटरसाइकिल चोरी कर उसने अजय कुमार मंडल के हाथों बेच दी थी। उक्त बाइक की बिक्री के छह हजार रुपये बकाया होने की बात भी सामने आई।इसके बाद पुलिस सतीश को साथ लेकर अजय कुमार के गैराज पहुंची। पूछताछ के दौरान अजय कुमार ने कथित तौर पर चोरी की ग्लैमर मोटरसाइकिल को सतीश के साथ मिलकर बेचने और रुपये आपस में बांटने की बात स्वीकार की।पुलिस ने दोनों आरोपितों को विधिवत गिरफ्तार कर लिया। बरामद स्प्लेंडर मोटरसाइकिल को जब्त कर थाना परिसर में सुरक्षित रखा गया है। मामले में दोनों के विरुद्ध चोरी की मोटरसाइकिल रखने एवं मोटरसाइकिल चोरी करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है। थाना अध्यक्ष मिथिलेश कुमार ने बताया कि आगे की कार्रवाई पुलिस द्वारा की जा रही है।








