संजय कुमार संवाददाता पलासी अररिया पलासी
पलासी प्रखंड पलासी अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय भट्टाबाड़ी हरिजन टोला में 15 अगस्त 2026 को देश का 80वाँ स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, उमंग और
देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार की ओर से प्रभात फेरी, सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेल प्रतियोगिता, क्विज प्रतियोगिता तथा भाषण एवं राष्ट्रगीत प्रतियोगिता सहित कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 6:35 बजे प्रभात फेरी से हुई। विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सहभागिता में निकली प्रभात फेरी में बच्चों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत नारे लगाए और अमर शहीदों के जयकारे लगाए। प्रभात फेरी के माध्यम से ग्रामीणों को स्वतंत्रता दिवस के महत्व, राष्ट्रीय एकता, देशभक्ति एवं स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया। बड़ी संख्या में बच्चों की मौजूदगी से पूरा क्षेत्र देशभक्ति के नारों से गूंज उठा।प्रभात फेरी के बाद विद्यालय परिसर में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां की गईं। सुबह 9:11 बजे ध्वजारोहण किया गया। इससे पूर्व राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन हुआ। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान ‘जन-गण-मन’ गाया गया। इसके पश्चात छात्र-छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं।
समारोह का मुख्य आकर्षण विद्यार्थियों को पुरस्कृत करना रहा। पिछले दिनों आयोजित खेल प्रतियोगिताओं एवं क्विज प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के साथ स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित भाषण एवं गीत प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को भी पुरस्कार प्रदान किए गए। पुरस्कार पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। इससे विद्यार्थियों में पढ़ाई के साथ-साथ खेल, सांस्कृतिक गतिविधियों एवं देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रमों में आगे बढ़ने का उत्साह देखने को मिला।इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक श्री राजेंद्र प्रसाद साह ने स्वतंत्रता दिवस तथा राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि ‘वंदे मातरम्’ ने स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान देशवासियों में राष्ट्रीय चेतना और देशभक्ति की भावना जगाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों को स्वतंत्रता के इतिहास, उसके महत्व तथा स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान से परिचित कराया। उन्होंने कहा कि आजादी केवल अधिकार नहीं, बल्कि देश के प्रति जिम्मेदारी और कर्तव्य का भी संदेश देती है।प्रधानाध्यापक के संबोधन में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया। उनके संबोधन की उपस्थित ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों ने सराहना की।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक मोहम्मद एकरामूल हक, श्रीमती बिंदु भारती, श्रीमती फरीदा खातून, श्रीमती सीमा देवी एवं श्रीमती रेखा देवी सहित विद्यालय के सभी छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। इसके अलावा आसपास के विद्यालयों से आए विद्यार्थी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने समारोह में भाग लिया।प्रतियोगिताओं में पुरस्कार प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में दीपिका कुमारी (कक्षा 5), मीनू कुमारी (कक्षा 5), सरफराज आलम (कक्षा 5), शबनम खातून (कक्षा 4), नैना प्रवीण (कक्षा 1), मेघराज कुमार (कक्षा 1) सहित अन्य छात्र-छात्राएं शामिल रहे।
विद्यालय परिवार द्वारा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित इस भव्य कार्यक्रम से बच्चों में उमंग, उत्साह, आत्मविश्वास, पढ़ाई के प्रति रुचि, प्रतियोगी भावना एवं देशभक्ति की भावना को बढ़ावा मिला। समारोह का समापन राष्ट्रप्रेम एवं राष्ट्रीय एकता के संकल्प के साथ हुआ।















