नजरिया न्यूज़,
सिकटी :अररिया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकटी में बुधवार को “स्तनपान में निवेश करें, भविष्य में निवेश करें” थीम के साथ विश्व स्तनपान सप्ताह की शुरुआत हुई। यह अभियान 1 से 7 अगस्त तक चलाया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान नवजात को जन्म के पहले घंटे के भीतर मां का पहला गाढ़ा दूध पिलाने, छह माह तक केवल स्तनपान कराने, कंगारू मदर केयर तथा गृह आधारित नवजात देखभाल के महत्व की जानकारी दी गई।
अभियान में आशा, एएनएम, आशा फैसिलिटेटर एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने महिलाओं को स्तनपान के प्रति जागरूक किया। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अजमत राणा ने बताया कि शिशु के बेहतर विकास के लिए जन्म के एक घंटे के भीतर स्तनपान शुरू करना, छह माह तक केवल मां का दूध देना तथा दो वर्ष तक पूरक आहार के साथ स्तनपान जारी रखना आवश्यक है।
स्वास्थ्य प्रबंधक अनुप कुमार ने बताया कि आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर धात्री महिलाओं और उनके परिजनों को सुरक्षित स्तनपान, स्वच्छता, नवजात की देखभाल तथा नियमित वजन जांच के प्रति जागरूक करेंगी। शिशु का साप्ताहिक वजन दर्ज कर मातृ सुरक्षा कार्ड में अंकित किया जाएगा।






















