नजरिया न्यूज़,
भरगामा :अररिया। भरगामा प्रखंड मुख्यालय स्थित सभागार भवन में बुधवार को प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी (बीसीओ) जयशंकर झा के स्थानांतरण पर सम्मान सह विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, पैक्स अध्यक्षों एवं सहकारिता विभाग से जुड़े लोगों ने उन्हें भावभीनी विदाई दी, जबकि नवपदस्थापित बीसीओ आलोक कुमार का गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
मुख्य अतिथि नरपतगंज विधायक देवंती यादव ने जयशंकर झा के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया। वहीं प्रखंड विकास पदाधिकारी केशव कुमार राय ने कहा कि उनके कार्यकाल में किसानों, पैक्सों और विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हुआ, जिससे सहकारिता व्यवस्था को मजबूती मिली।
समारोह में पैक्स अध्यक्षों एवं जनप्रतिनिधियों ने शॉल ओढ़ाकर और पुष्पगुच्छ भेंट कर जयशंकर झा को सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
विदाई संबोधन में जयशंकर झा ने भरगामा में मिले सहयोग और स्नेह के लिए सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यहां का कार्यकाल उनके लिए सदैव यादगार रहेगा। वहीं नवपदस्थापित बीसीओ आलोक कुमार ने कहा कि वे सहकारिता व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, सशक्त एवं किसान हितैषी बनाने के लिए सभी के सहयोग से कार्य करेंगे। समारोह आत्मीयता और सम्मान के माहौल में संपन्न हुआ।






















