नजरिया न्यूज़,
भरगामा :अररिया। भरगामा प्रखंड मुख्यालय स्थित बाढ़ राहत शेड परिसर में गुरुवार को क्रांति जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समिति लिमिटेड की चौथी वार्षिक आमसभा आयोजित हुई। कार्यक्रम का उद्घाटन विधायक देवंती यादव, बीडीओ केशव कुमार राय, जीविका के बीपीएम डॉ. मृत्युंजय ज्ञानी, जिला परिषद सदस्य किरण देवी एवं समिति अध्यक्ष लक्ष्मी देवी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
आमसभा में वर्ष 2025-26 का अंकेक्षण प्रतिवेदन एवं वार्षिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। समिति ने वित्तीय वर्ष में 10.23 लाख रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित किया, जिस पर सदस्यों ने प्रसन्नता जताई। विधायक देवंती यादव ने कहा कि जीविका और सहकारी समितियां ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। वहीं बीपीएम डॉ. मृत्युंजय ज्ञानी ने महिलाओं को स्वरोजगार, बचत एवं ऋण सुविधाओं से जोड़ने की योजनाओं पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में महिलाओं ने जीविका से जुड़ने के बाद आय बढ़ने, आत्मविश्वास विकसित होने और परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत होने के अनुभव साझा किए। अंत में उत्कृष्ट कार्य करने वाली कई जीविका दीदियों को सम्मानित किया गया तथा समिति अध्यक्ष लक्ष्मी देवी ने सभी अतिथियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त किया।






















