संजय कुमार संवाददाता पलासी अररिया
मंगलवार देर शाम पलासी-टेढ़ागाछ मार्ग पर बिलाती बाड़ी के पास हुए सड़क हादसे में टोटो चालक की मौत हो गई. मृतक की पहचान बेलसरी गांव निवासी मंगल महतो के 35 वर्षीय पुत्र दयानंद महतो के रूप में हुई है.जानकारी के अनुसार दयानंद महतो मंगलवार शाम कलियागंज से सवारी लेकर टोटो से पलासी आ रहे थे. बिलाती बाड़ी के समीप कमरो चौक के पास टोटो का संतुलन बिगड़ गया व वाहन पलट गया.टोटो में सवार सभी यात्री बाल-बाल बच गए.लेकिन चालक दयानंद वाहन के नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए.स्थानीय ग्रामीणों की मदद से उन्हें बाहर निकालकर इलाज के लिए सीएचसी पलासी लाया गया. जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.सूचना पर पलासी थाना पुलिस सीएचसी पहुंची व शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल अररिया भेज दिया.घटना की खबर मिलते ही घटनास्थल व अस्पताल में लोगों की भीड़ जुट गई.मृतक के घर में कोहराम मच गया. दयानंद अपने पीछे पत्नी सुजनी देवी को छोड़ गए हैं.मृतक के पिता मंगल महतो ने बताया मेरे दो पुत्र व दो पुत्रियां हैं.बड़ा बेटा विधानंद मजदूरी के लिए पंजाब गया था.वहीं उसकी मौत हो गई थी. अब दूसरा बेटा भी चला गया जो बुढ़ापे का सहारा था.यह कहते-कहते वे अचेत हो गए. वहीं मां सुलेखा देवी व पत्नी सुजनी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है.






















