संजय कुमार, संवाददाता, पलासी अररिया
पलासी प्रखंड अंतर्गत चौरी पंचायत सरकार भवन में बुधवार को “सबका सम्मान–जीवन आसान” अभियान के तहत सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे।शिविर की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) कुमार अनिकेत ने की। इस अवसर पर अंचलाधिकारी अंशु कुमार सिंह, राजस्व पदाधिकारी विदिशा सिंह, थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार, बीपीआरओ अखिलेश कुमार, वीडियो पीओ अख्तर आलम बीपीओ शब्बीर आलम, एमओ कुमुद सिंह, बीएओ अनुराग विश्वास, पंचायत के मुखिया कृपानंद सिंह सरदार, सरपंच मनोज साह, समाजसेवी मनोज मंडल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।शिविर में स्वास्थ्य, बिजली, कृषि, मनरेगा, मत्स्य, आयुष्मान भारत, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, जाति, आय एवं निवास प्रमाण पत्र, प्रधानमंत्री आवास योजना, थाना तथा आंगनबाड़ी सहित विभिन्न विभागों के अलग-अलग काउंटर लगाए गए थे, जहां ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं दर्ज कराईं।पूर्व से किए गए व्यापक प्रचार-प्रसार के कारण सुबह से ही पंचायत सरकार भवन में लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। अधिकारियों ने बारी-बारी से लोगों की शिकायतें सुनीं और संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया।इस अवसर पर अंचलाधिकारी अंशु कुमार सिंह ने कहा कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों की जांच कर नियमानुसार समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर ही समयबद्ध तरीके से किया जाए।बीडीओ कुमार अनिकेत ने कहा कि सहयोग शिविर का उद्देश्य विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना तथा उनकी समस्याओं का त्वरित एवं पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने लोगों से सरकारी योजनाओं का लाभ लेने और भविष्य में भी ऐसे शिविरों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।शिविर के दौरान कई आवेदनों का मौके पर ही निष्पादन किया गया, जबकि अन्य मामलों को संबंधित विभागों को अग्रेतर कार्रवाई के लिए भेजा गया। ग्रामीणों ने एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों की उपलब्धता को सराहनीय पहल बताते हुए कहा कि इससे उनकी समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया पहले की अपेक्षा अधिक आसान हुई है।






















