नजरिया न्यूव, अररिया। जिले के रानीगंज थाना क्षेत्र में एक होमगार्ड जवान के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। घायल जवान की पहचान रानीगंज अंचल कार्यालय में तैनात अंचल गार्ड चंदन कुमार साह के रूप में हुई है, जिनका इलाज सदर अस्पताल अररिया में चल रहा है।
घायल जवान के अनुसार, 3 अगस्त 2026 को रानीगंज थाना क्षेत्र में पूछताछ के दौरान थाना प्रभारी एवं उनके साथ मौजूद कुछ पुलिसकर्मियों ने उनके साथ कथित रूप से मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान उन्हें गंभीर चोटें लगीं, जिससे उनकी तबीयत बिगड़ गई।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास मौजूद लोगों एवं अन्य जवानों ने घायल चंदन कुमार साह को तत्काल रानीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल अररिया रेफर कर दिया। अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। डॉक्टरों ने उनकी स्थिति का आकलन करने के लिए सीटी स्कैन एवं एक्स-रे कराने की भी सलाह दी है।
इस घटना को लेकर होमगार्ड संगठन ने भी कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। होमगार्ड संघ के अध्यक्ष बबलू झा ने कहा कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन आंदोलन का रास्ता अपनाने को बाध्य होगा। उन्होंने कहा कि ड्यूटी पर तैनात एक जवान के साथ इस प्रकार की घटना गंभीर विषय है और इसकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है। उन्होंने चेतावनी दी कि न्याय नहीं मिलने की स्थिति में संगठन धरना-प्रदर्शन सहित अन्य लोकतांत्रिक कार्यक्रमों पर विचार करेगा।
समाचार लिखे जाने तक इस मामले में रानीगंज थाना की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया था। पुलिस का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा। फिलहाल मामले की सत्यता और लगाए गए आरोपों की पुष्टि प्रशासनिक जांच के बाद ही हो सकेगी।






















