
प्रदर्शनी का उद्घाटन राज्य बाल श्रम मंत्री अशोक कुमार, भवन निर्माण विभाग के अतिरिक्त सचिव एवं बापू टावर के निदेशक विनय कुमार (आईएएस) तथा कला एवं शिल्प महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. राखी कुमारी ने संयुक्त रूप से किया। प्रदर्शनी में बिहार सहित देशभर के कई प्रतिष्ठित कलाकारों, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारियों तथा ललित कला शिक्षकों ने अपनी कलाकृतियों का प्रदर्शन किया।
खगड़िया जिले के महदा बन्नी गांव निवासी ध्रुव कुमार पिछले दस वर्षों से मिल्लिया बी.एड. महाविद्यालय, पूर्णिया में सहायक प्राध्यापक के रूप में कार्यरत हैं। उनकी कला प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर पर लगातार पहचान मिल रही है। इसी क्रम में उनकी एक और कलाकृति नई दिल्ली स्थित लोकायता आर्ट गैलरी में 7 से 9 अगस्त तक आयोजित राष्ट्रीय ग्रुप कला प्रदर्शनी-2026 में भी प्रदर्शित की जाएगी।
ध्रुव कुमार की कलाकृतियां इससे पहले कोलकाता, नई दिल्ली, मुंबई, काठमांडू (नेपाल), बाली (इंडोनेशिया), दुबई और श्रीलंका की प्रतिष्ठित कला दीर्घाओं में भी प्रदर्शित हो चुकी हैं। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की कई कला प्रदर्शनी एवं कार्यशालाओं में उन्हें पुरस्कार और प्रमाणपत्र से सम्मानित किया जा चुका है।
उनकी इस उपलब्धि पर मिल्लिया एजुकेशनल ट्रस्ट के निदेशक डॉ. असद इमाम, सह-निदेशक ई. आदिल इमाम, महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. शहवाज रिजवी सहित समूचे मिल्लिया परिवार ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।






















