नजरिया न्यूज़,
नरपतगंज :अररिया। नेपाल के सुनसरी जिले में हुई सांप्रदायिक हिंसा के बाद भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। अररिया जिले के नरपतगंज प्रखंड अंतर्गत फुलकाहा थाना क्षेत्र से सटी सीमा पर एसएसबी, बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस (बीएसएपी) और फुलकाहा थाना पुलिस संयुक्त रूप से फ्लैग मार्च एवं गश्त कर रही है। कोशिकापुर, मानिकपुर और पथराहा सहित संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बलों की गतिविधियां बढ़ा दी गई हैं।
जिला पदाधिकारी विनोद दूहन और पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी कर रहे हैं। वहीं एसएसबी के कमांडिंग ऑफिसर नितिन गुप्ता ने बताया कि सीमा पर जवानों की तैनाती बढ़ा दी गई है तथा आने-जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति की सघन जांच की जा रही है। संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
फुलकाहा थानाध्यक्ष विकास कुमार मौर्य ने बताया कि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है। सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए बीएसएपी की अतिरिक्त कंपनी भी तैनात की गई है। प्रशासन ने सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने, अफवाहों से बचने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस या एसएसबी को देने की अपील की है।





















