नजरिया न्यूज़, अररिया। उत्पाद विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए एक स्कॉर्पियो वाहन से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की। कार्रवाई उत्पाद अधीक्षक निरंजन कुमार झा के निर्देश पर की गई।
जानकारी के अनुसार, किशनगंज की ओर से फारबिसगंज आने वाली एक संदिग्ध स्कॉर्पियो (BR01E-7752) को अररिया जीरो माइल के समीप रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन की डिक्की और पिछली सीट के नीचे छिपाकर रखी गई Officer Choice Original Whisky की 180 एमएल की 1,392 बोतलें, कुल 250.560 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई।
मौके से चालक गुड्डू कुमार (लोदी वार्ड संख्या-6, थाना इंद्रापुर, जिला आरा) को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में उसने बताया कि शराब पश्चिम बंगाल के सीमावर्ती क्षेत्र से वाहन पर लोड की गई थी और इसे बिहार में पहुंचाया जाना था। बरामद शराब की सभी बोतलों पर “For Sale in West Bengal Only” अंकित पाया गया।
उत्पाद विभाग ने शराब एवं वाहन को जब्त कर बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज करते हुए आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया के लिए न्यायालय भेज दिया। कार्रवाई में उत्पाद विभाग की टीम के अधिकारी एवं जवान शामिल रहे।






















