नजरिया न्यूज़,
भरगामा :अररिया। पंचायत दिवस के अवसर पर रविवार को भरगामा प्रखंड की सिरसिया कला पंचायत सरकार भवन में विशेष जनसंवाद सह विकास समीक्षा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी बिनोद दुहन ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और विभिन्न सरकारी योजनाओं की समीक्षा की। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुखिया सुनीता देवी ने की।
जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, नियमित मॉनिटरिंग और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए। साथ ही पर्यावरण संरक्षण के लिए जूट के बैग अपनाने, पौधारोपण और पशुपालन को बढ़ावा देने की अपील की।
जनसंवाद के दौरान ग्रामीणों ने सिरसिया कला में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की स्थापना तथा प्लस-टू उच्च विद्यालय की चहारदीवारी निर्माण की मांग रखी। डीएम ने संबंधित विभागों को मांगों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
मुखिया सुनीता देवी ने पंचायत में चल रही विकास योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी देते हुए कहा कि प्रशासन के सहयोग से पंचायत के समग्र विकास को गति मिलेगी। कार्यक्रम में बीडीओ केशव कुमार राय, सीओ पूजा कुमारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।






















