नजरिया न्यूज़,
भरगामा:अररिया।
भरगामा थाना क्षेत्र के सिरसिया-हनुमानगंज पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या 13 और 5 के बीच बहने वाली जेबीसी नहर के दक्षिणी हिस्से में रविवार अहले सुबह को 5 वर्षीय एक अज्ञात बालक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
बताया जाता है कि एक स्थानीय किसान अपने खेत से लौट रहा था। इसी दौरान उसकी नजर नहर के पानी में डूबे एक बालक के शव पर पड़ी। इसके बाद उसने तत्काल भरगामा थाना पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही एसआई रौशन कुमार सशस्त्र बल के जवानों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को पानी से बाहर निकलवाकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ करते हुए विभिन्न बिंदुओं पर छानबीन शुरू कर दी।
आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल अररिया भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, मृत बालक की अब तक पहचान नहीं हो सकी है। प्रारंभिक जांच में बालक का एक पैर दिव्यांग (अपाहिज) प्रतीत हो रहा है। वहीं उसके सिर पर चोट का निशान भी मिला है, जिससे मामला संदिग्ध माना जा रहा है। पुलिस डूबने से मौत और हत्या, दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
भरगामा थाना पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। साथ ही मृत बालक की पहचान कराने के प्रयास भी तेज कर दिए गए हैं। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।






















