नजरिया न्यूज़, अररिया।
NEET पेपर लीक प्रकरण के कारण जान गंवाने वाले 22 छात्रों की स्मृति में तथा उन्हें न्याय दिलाने की मांग को लेकर अररिया जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मासूम रेज़ा के नेतृत्व में शनिवार की शाम एक विशाल कैंडल मार्च निकाला गया। यह मार्च नेताजी सुभाष स्टेडियम से प्रारंभ होकर चांदनी चौक होते हुए नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा तक पहुंचा।
नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा के समक्ष सभी उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत छात्रों को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया।
इसके उपरांत चांदनी चौक पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विजयी जुलूस निकाला। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर, अबीर-गुलाल लगाकर खुशी व्यक्त की तथा आंदोलनरत छात्रों के समर्थन में और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए जोरदार नारे लगाए।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष मासूम रेज़ा ने कहा कि यह लड़ाई केवल एक मंत्री के इस्तीफे तक सीमित नहीं है, बल्कि देश की शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही और छात्रों के भविष्य की सुरक्षा की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि NEET पेपर लीक के कारण जिन 22 छात्रों की जान गई, उनके प्रत्येक परिजन को एक-एक करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाए। साथ ही, अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ रहे छात्रों पर दर्ज सभी मुकदमे तत्काल वापस लिए जाएं।
मासूम रेज़ा ने कहा कि छात्रों के शांतिपूर्ण आंदोलन ने सत्ता के अहंकार को झुकने पर मजबूर कर दिया है। यह लोकतंत्र और छात्रों के संघर्ष की बड़ी जीत है। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने इस मुद्दे को लगातार सड़क से लेकर सदन तक मजबूती से उठाया, छात्रों की आवाज़ बने और न्याय की लड़ाई को राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाया। इसके लिए अररिया जिला कांग्रेस उनकी प्रतिबद्धता और संघर्ष के प्रति आभार व्यक्त करती है।
उन्होंने अररिया की बेटी ज्याश्री, जो कोटा में रहकर पढ़ाई कर रही थीं, का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी हत्या के मामले में अब तक परिवार को न्याय नहीं मिल सका है। उन्होंने सरकार से सवाल किया कि आखिर दोषियों पर अब तक कठोर कार्रवाई क्यों नहीं हुई। उन्होंने मांग की कि ज्याश्री के मामले की निष्पक्ष और त्वरित जांच कर दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।
कार्यक्रम में विधायक आबिदुर रहमान, अररिया जिला कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आवेश यासीन, मोहन जयसवाल, अधिवक्ता अमर यादव, शशि भूषण झा, आबिद हुसैन अंसारी, तसद्दुक खान, मौलाना आफाक, अफसाना हसन, गुलाबचंद ऋषिदेव, जेडी यादव, कौशल वर्मा, राजीव पोद्दार, शेख तालिब, इकबाल अहमद, सरफराज, पवन कश्यप, यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता अबू जाफर सहित पदाधिकारियों, बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं तथा आम नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।






















