नजरिया न्यूज़, भरगामा:अररिया।
भरगामा थाना क्षेत्र की बीरनगर पश्चिम पंचायत के वार्ड संख्या-6 में पति-पत्नी के आपसी विवाद को शांत कराने पहुंचे एक राजमिस्त्री पर कथित तौर पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घायल राजमिस्त्री मो. जहांगीर का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भरगामा में कराया गया।
घायल मो. जहांगीर ने बताया कि वह राजमिस्त्री का काम करते हैं। शनिवार को वह एक मकान की दीवार की जुड़ाई का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान पास में रहने वाले पति-पत्नी के बीच विवाद हो रहा था। उन्होंने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराने का प्रयास किया। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर पति, पत्नी तथा उनके परिजनों ने मिलकर उन पर हमला कर दिया। इस दौरान सड़क पर पड़ी रॉड से उनके सिर पर वार कर दिया, जिससे उनका सिर फट गया और वे लहूलुहान होकर गिर पड़े।
घटना के बाद आसपास के लोगों ने उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भरगामा पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया।
इस संबंध में भरगामा थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





















