शिकायत के अनुसार, 17 जुलाई 2026 की रात करीब 10:30 बजे मकान मालिक रजनीश रंजन अपने कुछ सहयोगियों के साथ उनके आवास पर पहुंचे और तत्काल मकान खाली करने का दबाव बनाने लगे। द्विजेंद्र कुमार मिश्रा का कहना है कि उन्होंने रात होने तथा वैकल्पिक आवास की व्यवस्था नहीं होने का हवाला देते हुए मकान खाली करने के लिए एक माह का समय देने का अनुरोध किया। आरोप है कि इस पर उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया, हाथापाई की गई तथा जान से मारने की धमकी दी गई।
आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि भयभीत होकर उन्होंने डायल-112 पर सूचना दी। उनका आरोप है कि मौके पर पहुंची पुलिस ने उनकी शिकायत सुनने के बजाय उनके साथ दुर्व्यवहार किया। इतना ही नहीं, उन्होंने घटना के फोटो एवं वीडियो अपने मोबाइल से बनाए थे, जिन्हें कथित तौर पर एक पुलिसकर्मी ने उनके मोबाइल से डिलीट कर दिया।
कार्यपालक अभियंता ने एसएसपी से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, संबंधित पुलिसकर्मी के विरुद्ध उचित कार्रवाई करने, वैकल्पिक आवास मिलने तक एक माह तक किराए के मकान में रहने की अनुमति दिलाने तथा उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
वहीं, इस मामले में दूसरे पक्ष से संपर्क नहीं हो सका है। उनका पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।






















