ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को लेकर जिला प्रशासन की पहल, पांच दिवसीय जागरूकता अभियान शुरू
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 05 जून को सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभा के आयोजन एवं ग्राम सभा में SWM रूल 2026 के क्रियान्वयन हेतु रणनीति बनाने एवं चर्चा करने का दिया गया निदेश
वीरेंद्र चौहान, नजरिया न्यूज ब्यूरो किशनगंज 01 जून।
आज दिनांक जिला पदाधिकारी, किशनगंज सह अध्यक्ष जिला जल एवं स्वच्छता समिति की अध्यक्षता में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमावली (SWM RULE) 2026 एवं उक्त नियमावली के संबंध में सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के प्रति जागरूकता हेतु दिनांक 01 जून से 05 जून 2026 तक संचालित “स्वच्छ गांव सुरक्षित जलवायु अभियान” हेतु इसके क्रियान्वयन से संबंधित पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं हितग्राहियों के साथ बैठक सह उन्मुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
उक्त उन्मुखीकरण कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी द्वारा SWM Rule 2026 के मुख्य बिंदुओं,यथा स्रोत पर कचरा पृथक्करण, बल्क वेस्ट जनरेटर की पहचान, ग्राम पंचायतों की भूमिका एवं कर्तव्यों एवं इससे संबंधित सामुदायिक जागरूकता हेतु संचालित स्वच्छ गांव सुरक्षित जलवायु अभियान के दैनिक कार्यक्रम की जानकारी सभी को प्रदान की गई।
साथ ही उनके द्वारा सभी जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 05 जून को सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभा के आयोजन एवं ग्राम सभा में SWM रूल 2026 के क्रियान्वयन हेतु रणनीति बनाने एवं इस पर चर्चा करने का निदेश दिया गया।
बैठक में उपविकास आयुक्त, किशनगंज द्वारा SWM Rules 2026 की गंभीरता एवं सुप्रीम कोर्ट द्वारा इस संबंध में दिए गए निदेश के संबंध में सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया गया।
जिला जल एवं स्वच्छता समिति कार्यालय द्वारा आयोजित उक्त बैठक मे जिला स्तरीय तथा प्रखंड एवं पंचायत स्तरीय अधिकारी,कर्मी एवं जनप्रतिनिधि ऑनलाइन माध्यम से जुड़े हुए थे।






















