पंचायत सचिवों की अनुपस्थिति के कारण जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र निर्गत करने, वंशावली, सामाजिक सुरक्षा पेंशन सत्यापन, षष्ठम राज्य वित्त आयोग योजना, 15वें वित्त आयोग योजना, मुख्यमंत्री सात निश्चय योजना सहित पंचायत स्तर के विभिन्न महत्वपूर्ण कार्य तथा भारत की जनगणना 2027 जैसे कार्य प्रभावित हो रहे थे: डीएम
वीरेंद्र चौहान नजरिया न्यूज ब्यूरो किशनगंज 26मई।
जिला पदाधिकारी, किशनगंज विशाल राज द्वारा विभिन्न प्रखंडों में पदस्थापित 30 पंचायत सचिवों को अपने कर्तव्य स्थल से लगातार अनधिकृत रूप से अनुपस्थित रहने, हड़ताल पर रहने तथा पंचायत स्तरीय सरकारी कार्यों में बाधा उत्पन्न करने के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
जिला पदाधिकारी द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि पंचायत सचिवों की अनुपस्थिति के कारण जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र निर्गत करने, वंशावली, सामाजिक सुरक्षा पेंशन सत्यापन, षष्ठम राज्य वित्त आयोग योजना, 15वें वित्त आयोग योजना, मुख्यमंत्री सात निश्चय योजना सहित पंचायत स्तर के विभिन्न महत्वपूर्ण कार्य तथा भारत की जनगणना 2027 जैसे कार्य प्रभावित हो रहे थे। इससे आमजन को भी काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।
आदेश में उल्लेख किया गया है कि बिहार ग्राम पंचायत सचिव (नियुक्ति, अधिकार एवं कर्तव्य) नियमावली, 2011 के तहत पंचायत सचिवों को निर्धारित दायित्वों का निर्वहन करना अनिवार्य है। इसके बावजूद संबंधित पंचायत सचिव लगातार अपने कर्तव्य से अनुपस्थित पाए गए, जो बिहार सरकारी सेवक आचरण नियमावली, 1976 के नियम 3(1) का उल्लंघन है।
निदेशक, पंचायती राज विभाग, बिहार, पटना के निर्देश के आलोक में कार्रवाई करते हुए संबंधित पंचायत सचिवों को बिहार सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली, 2005 के प्रावधानों के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में संबंधित पंचायत सचिवों का मुख्यालय निर्धारित किया गया है तथा उन्हें नियमानुसार केवल जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।
जारी आदेश के अनुसार ठाकुरगंज प्रखंड में पदस्थापित पंचायत सचिवों को निलंबन अवधि में पोठिया, बहादुरगंज प्रखंड के पंचायत सचिवों को टेढ़ागाछ, टेढ़ागाछ प्रखंड के पंचायत सचिवों को कोचाधामन, कोचाधामन प्रखंड के पंचायत सचिवों को बहादुरगंज, किशनगंज प्रखंड के पंचायत सचिवों को दिघलबैंक, दिघलबैंक प्रखंड के पंचायत सचिवों को ठाकुरगंज तथा पोठिया प्रखंड के पंचायत सचिवों को किशनगंज प्रखंड में मुख्यालय निर्धारित किया गया है।
जिला पदाधिकारी ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि संबंधित पंचायत सचिवों के विरुद्ध आरोप पत्र प्रपत्र ‘क’ गठित कर 24 घंटे के भीतर जिला पंचायत शाखा को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।






















