नजरिया न्यूज़. अररिया।
जिले में एलपीजी गैस की आपूर्ति को सुचारू, पारदर्शी और प्रभावी बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन लगातार सक्रिय है। जिला प्रशासन द्वारा कई महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए उपभोक्ताओं तक सीधी पहुंच बनाने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है, जिससे आम उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। वर्तमान में जिले में 11,417 गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है,
जिला प्रशासन द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में प्रत्येक पंचायत के पंचायत सरकार भवन एवं पंचायत भवनों में गैस वितरण के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं। वहीं शहरी क्षेत्रों में नगर पंचायत और नगर परिषद के अंतर्गत तीन-तीन वार्डों का क्लस्टर बनाकर कंट्रोल रूम संचालित किए जा रहे हैं, ताकि उपभोक्ताओं को आसानी और समय पर गैस उपलब्ध हो सके।
व्यवस्था की निगरानी के तहत आज जिला प्रशासन द्वारा सख्ती दिखाते हुए जिले की 23 गैस एजेंसियों पर छापेमारी भी की गई है।
उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जिसके 17 मार्च से 15 अप्रैल 2026 (अबतक) के बीच कुल 380 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 311 का निष्पादन कर दिया गया है, जबकि 69 मामले अभी लंबित हैं। लंबित मामलों के त्वरित समाधान के लिए संबंधित एजेंसियों के एरिया मैनेजर को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर जिला नियंत्रण कक्ष से संपर्क करें और किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। साथ ही, वैवाहिक कार्यक्रमों को ध्यान में रखते हुए वाणिज्यिक एलपीजी की आपूर्ति भी सुनिश्चित की गई है।





















