नजरिया न्यूज़, अररिया।
भारत रत्न भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर जिला पदाधिकारी अररिया श्री विनोद दूहन एवं पुलिस अधीक्षक श्री जितेंद्र कुमार द्वारा अररिया अनुमंडल कार्यालय परिसर स्थित उनकी आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इस अवसर पर मीडिया कर्मियों को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने कहा कि बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर हमारे देश के संविधान के शिल्पकार हैं। उनका जीवन संघर्ष, समर्पण और उपलब्धियां हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
उन्होंने कहा कि बाबा साहेब ने समाज के वंचित, शोषित एवं कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए जो ऐतिहासिक कार्य किया, वह सदैव याद रखे जाएंगे। सामाजिक एकता, समानता और समरसता के लिए उनके प्रयासों ने देश को नई दिशा दी। उन्होंने आगे कहा कि हमें उनके बताए मार्ग पर चलने एवं शिक्षा को जीवन में अपनाने के लिए प्रतिबद्ध रहना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जिला स्तरीय पदाधिकारियों ने भी बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उनके योगदान को स्मरण किया। इस अवसर पर वरीय कोषागार पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, सहायक निदेशक बाल संरक्षण इकाई तथा सहायक निदेशक अल्पसंख्यक कल्याण सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से बाबा साहेब के विचारों को आत्मसात करने और समाज में समानता एवं न्याय के मूल्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया।





















