जब सांसद बने शिक्षक, कविता में पढ़ाए पाठ… तालियों से गूंज उठा पूरा हॉल। रानीगंज, अररिया में दिखा अनोखा अंदाज
अमोल आनंद
नजरिया न्यूज (अररिया) – बिहार
रानीगंज स्थित अति पिछड़ा कन्या आवासीय उच्च विद्यालय +2 में छात्राओं के उत्साहवर्धन एवं नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत को लेकर आयोजित भव्य कार्यक्रम उस वक्त यादगार बन गया, जब अररिया के सांसद मंच पर ‘गुरुजी’ के रूप में नजर आए।
कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को शिक्षा के प्रति जागरूक करना, आत्मविश्वास बढ़ाना और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित करना था, लेकिन कार्यक्रम के दौरान जो नजारा दिखा, उसने सभी को हैरान कर दिया।
सांसद ने क्लासरूम बना दिया मंच
अपने संबोधन के दौरान सांसद प्रदीप कुमार सिंह अचानक पढ़ाने के अंदाज में आ गए। उन्होंने अपने छात्र जीवन में पढ़े गए विषयों को बेहद सरल और रोचक तरीके से बच्चों को समझाना शुरू कर दिया।
राज्य की राजधानियों को याद रखने की आसान ट्रिक, देशों की मुद्राओं को याद करने का तरीका, अविष्कार और अविष्कारकों के नाम, बिहार की प्रमुख नदियों की सूची, हिंदी के मुहावरे और शब्दों के लिंग ज्ञान—इन सभी विषयों को उन्होंने कविता और लय के माध्यम से इस तरह प्रस्तुत किया कि छात्राएं मंत्रमुग्ध हो गईं।
जैसे-जैसे वे पढ़ाते गए, पूरा हॉल जोरदार तालियों से गूंजता रहा। छात्राएं न सिर्फ सुन रही थीं, बल्कि सीखते हुए आनंद भी ले रही थीं।

“सांसद हैं या विद्वान शिक्षक?”
कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच यह चर्चा शुरू हो गई कि “सांसद हैं या कोई विद्वान शिक्षक!” उनके ज्ञान और प्रस्तुतिकरण ने सभी को प्रभावित किया।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक जितेंद्र कुमार भी इस अंदाज से काफी प्रभावित हुए। उन्होंने कहा कि “सांसद महोदय को देखकर ऐसा लगता है जैसे वे आज भी किसी प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी कर रहे हों। जिस तरह से उन्होंने अपने छात्र जीवन की पढ़ाई को याद रखा है, शायद हम भी उतना याद नहीं रख पाए हैं।”
शिक्षा को बताया सबसे बड़ा हथियार
सांसद ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा ही वह सबसे सशक्त माध्यम है, जिससे समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। उन्होंने छात्राओं को मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के जरिए अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि आज बेटियां हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं और ऐसे आवासीय विद्यालय उनके सपनों को पंख देने का काम कर रहे हैं। उन्होंने छात्राओं से आत्मनिर्भर बनने और समाज में मिसाल कायम करने का आह्वान किया।
विद्यालय का किया निरीक्षण
इस दौरान सांसद ने विद्यालय परिसर का परिभ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और विद्यालय प्रशासन की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम छात्राओं के अंदर नई ऊर्जा और सकारात्मक सोच का संचार करते हैं।
छात्राओं को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम में आयोजित प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मानित किया गया। इसमें आकृति कुमार ने प्रथम, प्रतिभा राज ने द्वितीय, नूतन रानी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया, जबकि वर्षा कुमारी को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
कई गणमान्य लोग रहे मौजूद
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक जितेंद्र कुमार सहित भाजपा के रानीगंज के वरिष्ठ नेता कृष्ण कुमार सैनानी , नगर अध्यक्ष सुमन झा, जदयू नेता रितेश कुमार ठाकुर उर्फ सरदार जी, शिक्षक ममता यादव, नीतू कुमारी, अभिषेक यादव, आजाद जायसवाल, उमेश मिश्रा, पूनम पासवान, दिलीप दत्ता, राजीव चौधरी, रंजीत यादव, गीत गोविंद महतो एवं बैजू गुप्ता समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
शिक्षा को रोचक बनाने का संदेश
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, लेकिन यह आयोजन एक बड़ा संदेश छोड़ गया—अगर पढ़ाई को रोचक और सरल तरीके से किया जाए, तो शिक्षा बोझ नहीं, बल्कि आनंद बन जाती है।



















