नजरिया न्यूज़, महलगांव/अररिया।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय, अररिया द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति (संख्या-139/26) के अनुसार सोशल मीडिया पर चाकू लहराकर जान से मारने की धमकी देने के मामले में महलगांव थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 11 अप्रैल 2026 को मो० पनबुल्ला (उम्र 35 वर्ष), पिता मो० नजामुद्दीन, निवासी इसरखा वार्ड संख्या-06, थाना महलगांव, जिला अररिया ने थाना में एक लिखित आवेदन दिया। आवेदन में उन्होंने आरोप लगाया कि सोहराब (उम्र 30 वर्ष), पिता सफीक, निवासी बोची बटरवाडी, थाना बैरगाछी, जिला अररिया, जिनका ससुराल उनके घर के पास ही है, पूर्व के विवाद को लेकर उन्हें लगातार धमकी दे रहा है।
आवेदक के अनुसार, आरोपी सोहराब वर्तमान में बेंगलुरु में रहकर व्हाट्सएप एवं फेसबुक के माध्यम से वीडियो बनाकर हाथ में चाकू लहराते हुए जान से मारने की धमकी दे रहा है। इसके साथ ही वह भद्दी गालियां और आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग कर मानसिक रूप से परेशान कर रहा है।
पुलिस ने बताया कि आवेदक के लिखित आवेदन के आधार पर महलगांव थाना में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा तकनीकी साक्ष्य जुटाने और आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पुलिस प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया का दुरुपयोग न करें, अन्यथा कठोर कार्रवाई की जाएगी।




















