नजरिया न्यूज़, अररिया। विकाश प्रकाश।
अररिया पुलिस ने सोशल मीडिया पर भड़काऊ और आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए त्वरित कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में डिजिटल निगरानी को और अधिक सक्रिय किया गया है, ताकि कानून-व्यवस्था एवं साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखा जा सके। इसी क्रम में 11 अप्रैल 2026 को साइबर थाना, अररिया में दो अलग-अलग फेसबुक आईडी धारकों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पहले मामले में ‘Anuj Pathak’ नामक फेसबुक आईडी धारक के खिलाफ साइबर थाना कांड संख्या 15/26 दर्ज किया गया है। आरोप है कि उक्त व्यक्ति ने फारबिसगंज मार्केटिंग यार्ड की घटना से संबंधित एक समाचार क्लिप साझा करते हुए पुलिस और न्यायपालिका के खिलाफ आपत्तिजनक एवं भड़काऊ टिप्पणी की। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196(2), 353(2), 353(1)(c) एवं 352 के तहत केस दर्ज किया गया है।
दूसरे मामले में ‘Muhammad Afzal Khan’ नामक फेसबुक आईडी धारक के विरुद्ध साइबर थाना कांड संख्या 16/26 दर्ज किया गया है। इस व्यक्ति पर आरोप है कि उसने फारबिसगंज की घटना को लेकर साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने के उद्देश्य से भड़काऊ संदेश पोस्ट किए। इस मामले में भी BNS की धारा 196(2), 353(2), 353(1)(b) एवं 352 के तहत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से बताया गया है कि जिले की सोशल मीडिया सेल 24 घंटे सक्रिय रहकर विभिन्न प्लेटफॉर्म्स पर नजर रख रही है। किसी भी तरह की अफवाह, भड़काऊ पोस्ट या कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाली सामग्री पर तुरंत संज्ञान लिया जा रहा है।
अररिया पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि सोशल मीडिया का उपयोग जिम्मेदारी के साथ करें। किसी भी प्रकार की भड़काऊ, साम्प्रदायिक या भ्रामक जानकारी साझा करने से बचें। पुलिस ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी, ताकि जिले में शांति और सौहार्द बना रहे।





















