नजरिया न्यूज़, अररिया।
जिला आपूर्ति पदाधिकारी अररिया श्री दिनेश पासवान एवं जिला जन सम्पर्क पदाधिकारी अररिया श्री शंभू कुमार रजक द्वारा गैस आपूर्ति को लेकर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मीडिया कर्मियों को जिले में एलपीजी आपूर्ति की अद्यतन स्थिति की विस्तृत जानकारी दी गई।
जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने बताया कि जिले में एलपीजी गैस की आपूर्ति को सुचारू, पारदर्शी एवं प्रभावी बनाए रखने के लिए प्रशासन द्वारा कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। वर्तमान में जिले में कुल 11,220 गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।
उन्होंने जानकारी दी कि जिला प्रशासन द्वारा प्रत्येक पंचायत में पंचायत सरकार भवन एवं पंचायत भवनों में गैस वितरण के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं। वहीं शहरी क्षेत्रों में नगर पंचायत एवं नगर परिषद के अंतर्गत तीन-तीन वार्डों का क्लस्टर बनाकर कंट्रोल रूम संचालित किए जा रहे हैं, ताकि उपभोक्ताओं को आसानी से गैस उपलब्ध हो सके।
इसके साथ ही बताया गया कि तेल एवं प्राकृतिक गैस की उत्पन्न समस्याओं के मद्देनजर वैवाहिक कार्य हेतु वाणिज्यिक एल०पी०जी० की पर्याप्त मात्रा में आपूर्ति न होने की स्थिति में उत्पन्न समस्याओं के निपटारा के लिए विभागीय स्तर पर अनुमंडल पदाधिकारी को निदेशित किया गया है।
कंपनियों अगले 5-7 दिनों में निबंधन करना सुनिश्चित करेंगे। वैवाहिक कार्यक्रम हेतु रसोईया/कैटरर्स अपने वाणिज्यिक गैस के लिए निबंधन करायेंगे।
उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति विशेष के घर में वैवाहिक कार्यकम निर्धारित है, उस व्यक्ति विशेष के द्वारा शादी के कार्ड के साथ अपने अनुमंडल पदाधिकारी महोदय को वाणिज्यिक गैस की आपूर्ति करने हेतु अनुरोध आवेदन पत्र समर्पित करेंगे, जिसमें उल्लेख हो कि कितने वाणिज्यिक गैस सिलेंडर की आवश्यकता है तया कितने लोगों की इस वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है। वैवाहिक कार्यकम के शामिल होने वाले लोग के आकलन के आधार पर वाणिज्यिक गैस सिलेण्डरों उपलब्ध कराया जायेगा।
जिला प्रशासन द्वारा सख्ती बरतते हुए आज जिले की 03 गैस एजेंसियों पर छापेमारी भी की गई।
शिकायतों के निष्पादन की जानकारी देते हुए बताया गया कि 17 मार्च से 11 अप्रैल 2026 तक कुल 358 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 290 का समाधान कर दिया गया है, जबकि 68 मामले लंबित हैं। लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन के लिए संबंधित एजेंसियों के एरिया मैनेजर को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। अंत में आम लोगों से अपील की गई कि वे किसी भी प्रकार की समस्या होने पर जिला नियंत्रण कक्ष से संपर्क करें और अफवाहों पर ध्यान न दें।



















