नजरिया न्यूज़, अररिया। रूबी बिनीत।
माननीय उच्च न्यायालय, पटना के निर्देश के आलोक में व्यवहार न्यायालय, अररिया में स्थापित Vulnerable Witness Deposition Centre (VWDC) के प्रभावी संचालन एवं इसके व्यापक उपयोग को लेकर शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण बैठक न्यायमंडल अररिया के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश गुंजन पाण्डेय की अध्यक्षता में आयोजित की गई।
यह बैठक दिनांक 10 अप्रैल 2026 को अपराह्न 04:30 बजे प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, अररिया के प्रकोष्ठ में संपन्न हुई।
बैठक में जिले के सभी न्यायिक पदाधिकारी, अधिवक्ता संघों के अध्यक्ष, अभियोजन पदाधिकारी, सहायक अभियोजन पदाधिकारी, लोक अभियोजकगण सहित चीफ, डिप्टी चीफ एवं सहायक एल.ए.डी.सी.एस. उपस्थित रहे।
इस दौरान VWDC के उद्देश्य, उपयोगिता और इसके माध्यम से संवेदनशील गवाहों को सुरक्षित वातावरण में गवाही दिलाने की प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा की गई।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश गुंजन पाण्डेय ने अपने संबोधन में कहा कि Vulnerable Witness Deposition Centre न्याय व्यवस्था को अधिक मानवीय और सुलभ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों और अधिवक्ताओं से अपील की कि वे VWDC का निर्भीक एवं अधिकाधिक उपयोग करें, ताकि पीड़ितों एवं संवेदनशील गवाहों को किसी प्रकार की असुविधा या भय का सामना न करना पड़े।
बैठक में यह भी जोर दिया गया कि VWDC के प्रचार-प्रसार को बढ़ाया जाए, जिससे आम जनता इसके लाभ से अवगत हो सके। इस पहल से न्याय प्रक्रिया को सरल, सुगम और पारदर्शी बनाने में सहायता मिलेगी।





















