नजरिया न्यूज़, अररिया। जिला पदाधिकारी अररिया विनोद दूहन द्वारा मीडिया कर्मियों को जानकारी देते हुए बताया गया कि निजी विद्यालयों की गतिविधियों पर प्रशासन की पैनी नजर है और अभिभावकों के हितों की रक्षा के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि विद्यालयों द्वारा किताबों, ड्रेस या अन्य सामग्री की सूची अपनी वेबसाइट और सूचना पट्ट पर जारी की जाएगी, लेकिन अभिभावक अपनी सुविधा के अनुसार कहीं से भी इन सामग्रियों की खरीद कर सकेंगे। किसी विशेष दुकान या स्थान से खरीद के लिए बाध्य करना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
उन्होंने कहा कि इस तरह की शिकायत प्राप्त होने पर संबंधित विद्यालयों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। यदि कोई विद्यालय अभिभावकों पर किसी विशेष दुकान से सामग्री खरीदने का दबाव बनाता है या निर्धारित नियमों का उल्लंघन करता है, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
जिलाधिकारी ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी प्रकार की शिकायत हो, तो वे जिला शिक्षा पदाधिकारी के कार्यालय में अपनी शिकायत दर्ज कराएं, ताकि उस पर त्वरित कार्रवाई की जा सके।




















