नजरिया न्यूज़, अररिया |
अररिया पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत अररिया बस स्टैंड के पास गुप्त सूचना के आधार पर एक युवक को भारी मात्रा में चोरी के सामान के साथ गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अख्तर अली, पिता जमीरउदीन, निवासी ग्राम माधोबिट्टा बुटीझड़ी, थाना चोपरा, जिला उत्तर दिनाजपुर (पश्चिम बंगाल) के रूप में की गई है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय, अररिया द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, आरोपी ने दिल्ली के अमर कॉलोनी थाना क्षेत्र में स्थित अरुण ठकराल के घर में नौकर के रूप में काम किया था। इसी दौरान उसने मकान मालिक और उनके परिवार की गैरमौजूदगी का फायदा उठाते हुए घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात, नकदी, मोबाइल और अन्य कीमती सामानों की चोरी कर ली और फरार हो गया।
दिनांक 08 अप्रैल 2026 को अररिया बस स्टैंड के समीप एक युवक संदिग्ध अवस्था में तीन ट्रॉली बैग और एक कंधे पर बैग लेकर घूमता पाया गया। पुलिस टीम ने उसे रोककर पूछताछ की, जिसमें उसने चोरी की पूरी घटना स्वीकार कर ली। उसने बताया कि वह दिल्ली से चोरी का सामान लेकर अपने घर उत्तर दिनाजपुर जा रहा था, तभी पुलिस ने उसे धर दबोचा।
इस मामले में अररिया थाना कांड संख्या 192/2026, दिनांक 09.04.2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
गिरफ्तार आरोपी के पास से भारी मात्रा में कीमती सामान बरामद किया गया है, जिसमें तीन ट्रॉली बैग, 689 ग्राम सोने का बिस्किट, 570 ग्राम सोने के आभूषण, 670 ग्राम चांदी के आभूषण, एक रॉलेक्स घड़ी, 29 लाख 76 हजार 540 रुपये नकद, तथा डॉलर, पाउंड, यूरो और दीनार सहित विभिन्न देशों की विदेशी मुद्रा शामिल है। इसके अलावा अन्य सामान भी बरामद किए गए हैं।
इस सफल कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अररिया के नेतृत्व में नगर थाना के थानाध्यक्ष मनीष कुमार रजक, पु०अ०नि० जितेंद्र प्रसाद, संजीव कुमार, मुकेश कुमार, राजन कुमार एवं डीआईयू टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस इस मामले में आगे की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी का किसी संगठित गिरोह से संबंध है या नहीं। इस कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस की तत्परता की सराहना की है।




















