नजरिया न्यूज़, अररिया।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय, अररिया द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार बौसी थाना क्षेत्र में हुए सनसनीखेज गोलीकांड का पुलिस ने सफल उद्भेदन करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना दिनांक 04 अप्रैल 2026 को शाम करीब 05:00 बजे बौसी थाना अंतर्गत भवानीनगर, अररिया टोला वार्ड संख्या-05 में घटी थी, जहां 32 वर्षीय आरेलाल पासवान को गांव के ही रंजीत पासवान उर्फ बब्लू एवं अन्य नामजद आरोपियों द्वारा गोली मार दी गई थी।
गंभीर रूप से घायल आरेलाल पासवान को इलाज के लिए पूर्णिया ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मृत्यु हो गई। इस संबंध में बौसी थाना कांड संख्या-57/2026, दिनांक 05.04.2026 के तहत धारा 103(1)/3(5) बीएनएस एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, अररिया के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष एसआईटी टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी रंजीत पासवान उर्फ बब्लू (उम्र 45 वर्ष) को सुपौल जिला से गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है, जिसमें वर्ष 2024, 2025 और 2026 के कई मामलों में उसकी संलिप्तता दर्ज है। हालांकि, इस कांड में अब तक कोई सामान बरामद नहीं हुआ है।
पुलिस अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। इस अभियान में बौसी थाना के थानाध्यक्ष कुंदन कुमार, एसआई मो. नैयाज अहमद एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल हैं। पुलिस ने जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है।





















