नजरिया न्यूज़, अररिया
अररिया जिले के सिकटी थाना क्षेत्र के पलासमनी गांव में हुए दुष्कर्म मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी अब भी फरार है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, घटना 25 मार्च 2026 की है, जिसकी शिकायत 3 अप्रैल को पीड़िता की मां ने दर्ज कराई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता शौच के लिए घर से बाहर गई थी। इसी दौरान गांव के चार युवकों ने उसे जबरन पकड़ लिया और मुंह में कपड़ा ठूंसकर खेत में ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म किया। आरोप है कि एक आरोपी ने घटना का वीडियो भी बनाया और उसे वायरल करने की धमकी दी, जिससे पीड़िता भयभीत रही।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सिकटी थाना में कांड संख्या 15/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की संबंधित धाराओं तथा पॉक्सो एक्ट 2012 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम का गठन कर कार्रवाई शुरू की गई।
तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने भारत-नेपाल सीमा के पास संदपोखरा क्षेत्र से तीन आरोपियों—दीपक कुमार पासवान, रामविलास पासवान और तिलानंद पासवान—को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपी पलासमनी गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।
घटना में शामिल एक अन्य आरोपी, लालमोहन पासवान, अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है और जल्द ही उसे पकड़ने का दावा किया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और दोषियों को कड़ी सजा दिलाने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।





















