5 दिन में सड़क की मौत! नई सड़क पर उगी घास, रानीगंज प्रखंड के परमानंदपुर में घोटाले की गंध

अनमोल आनंद
नजरिया न्यूज (अररिया) – बिहार
रानीगंज प्रखंड के परमानंदपुर पंचायत, वार्ड संख्या 05 में नहर किनारे बनी सड़क ने महज 5 दिन में ही दम तोड़ दिया। जिस सड़क से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद थी, वहीं अब घास उग रही है और दरारें खुलकर भ्रष्टाचार की कहानी सुना रही हैं।
तस्वीरें साफ बता रही हैं—सड़क की परत उखड़ चुकी है, जगह-जगह से टूट गई है। हाल ऐसा कि नई सड़क कम, पुरानी जर्जर सड़क ज्यादा लग रही है।
ग्रामीणों का सीधा आरोप है कि निर्माण में खुला खेल हुआ है। घटिया सामग्री, कमीशनखोरी और जल्दबाजी ने सड़क को 5 दिन में ही बर्बाद कर दिया। लोग पूछ रहे हैं—क्या यही विकास का मॉडल है?
सबसे बड़ा सवाल—किस इंजीनियर ने इसे पास किया? किस ठेकेदार को संरक्षण मिला? और किस अधिकारी ने आंखें मूंद ली?
अगर यही स्थिति रही, तो यह सड़क जल्द ही पूरी तरह गायब हो जाएगी। अब नजर प्रशासन पर है—कार्रवाई होगी या फिर मामला दबा दिया जाएगा?
इधर मामले ने अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। स्थानीय विधायक अविनाश मंगलम ने अररिया जिलाधिकारी से पूरे मामले की जांच कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने साफ चेतावनी दी है कि अगर दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो इस मुद्दे को सदन में उठाया जाएगा।
नजरिया न्यूज इस पूरे मामले पर लगातार नजर बनाए हुए है।





















