हज यात्रा 2026 की तैयारी तेज, 190 हजयात्रियों को दिया गया विशेष प्रशिक्षण। अररिया में दुआईयां मजलिस का आयोजन
नजरिया न्यूज (अररिया) – बिहार
अररिया जिला में हज यात्रा 2026 को लेकर तैयारियां अब ज़मीन पर दिखने लगी हैं। अल्पसंख्यक कल्याण विभाग, बिहार के निर्देश पर बिहार राज्य हज कमेटी, पटना के माध्यम से जिले के 190 चयनित हजयात्रियों के लिए विशेष प्रशिक्षण एवं दुआईयां मजलिस कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
यह कार्यक्रम जिला मुख्यालय स्थित मदरसा इस्लामिया यतीमखाना (लीड मदरसा) में संपन्न हुआ, जहां हज यात्रा को सफल और सुगम बनाने के लिए यात्रियों को हर पहलू की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान हजयात्रियों को हज की पूरी प्रक्रिया, जरूरी दस्तावेज, सफर के दौरान बरती जाने वाली सावधानियां, स्वास्थ्य से जुड़ी अहम बातें और अन्य जरूरी दिशानिर्देश विस्तार से समझाए गए।
इस मौके पर बिहार राज्य हज कमेटी द्वारा प्रशिक्षित ट्रेनर मोहम्मद अफरोज आलम ने हज से जुड़ी बारीकियों को सरल तरीके से समझाया, जिससे यात्रियों को काफी सहूलियत मिली।
कार्यक्रम में दुआईयां मजलिस का भी आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता सहायक निदेशक अल्पसंख्यक कल्याण अररिया, सुबोध कुमार ने की।
इस दौरान हज इंस्पेक्टर मोहम्मद नियाज़ अहमद, हज मुआविन मोहम्मद गुलाम नबी, मोहम्मद इमरान काश्मी एवं अरशद अनवर अली सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
जिला प्रशासन अररिया द्वारा आयोजित इस पहल से हजयात्रियों में उत्साह देखा गया और सभी ने इस प्रशिक्षण को बेहद उपयोगी बताया।





















