नजरिया न्यूज़, रजौली (नवादा)।
झारखंड से बिहार में प्रवेश कर रही अंग्रेजी शराब से लदी स्कॉर्पियो (संख्या BR01JP3789) रजौली चेकपोस्ट पार करने के महज 2 से 3 किलोमीटर बाद एनएच-20 स्थित ओवरब्रिज, बीएसएनएल कार्यालय के समीप अनियंत्रित होकर पलट गई। इस घटना ने समेकित जांच चौकी की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन तेज रफ्तार में था और संतुलन बिगड़ने से हादसा हुआ। गाड़ी पलटते ही चालक मौके से फरार हो गया। बताया जाता है कि एक अन्य वाहन आगे चल रहा था, जिसमें सवार होकर चालक भाग निकला, जिससे संगठित तस्करी की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही रजौली थानाध्यक्ष रंजीत कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और वाहन को जब्त कर लिया। स्कॉर्पियो से भारी मात्रा में हरियाणा निर्मित अंग्रेजी शराब बरामद की गई है।
जांच के दौरान वाहन के मालिक की पहचान सारण जिले के सोनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत शाहपुर निवासी संजीत कुमार, पिता शिव कुमार सिंह के रूप में हुई है। वाहन से जुड़े दस्तावेजों में मोबाइल नंबर 9097990016 दर्ज पाया गया है। 
हादसे के बाद ग्रामीणों की भीड़ शराब लूटने के लिए उमड़ी, लेकिन पुलिस की तत्परता से स्थिति नियंत्रित कर ली गई।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। उनका कहना है कि सख्त जांच के दावों के बावजूद इतनी बड़ी खेप चेकपोस्ट से कैसे पार हो गई। लोगों ने उत्पाद विभाग पर खानापूर्ति और मिलीभगत के गंभीर आरोप लगाए हैं। अब प्रशासन की कार्रवाई पर सभी की नजर टिकी है।
अररिया – जनता दरबार में 35 मामलों की सुनवाई, त्वरित कार्रवाई के निर्देश
अररिया न्यूज़, अररिया। सात निश्चय 3.0 के अंतर्गत “सबका सम्मान–जीवन आसान” कार्यक्रम के तहत समाहरणालय, अररिया स्थित आत्मन सभागार में...





















