अररिया न्यूज़, अररिया।
सात निश्चय 3.0 के अंतर्गत “सबका सम्मान–जीवन आसान” कार्यक्रम के तहत समाहरणालय, अररिया स्थित आत्मन सभागार में सोमवार को जिला पदाधिकारी अररिया श्री विनोद दूहन की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया।
जनता दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे फरियादियों ने अपनी समस्याएं सीधे जिला पदाधिकारी के समक्ष रखीं। कुल 35 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनकी क्रमवार सुनवाई की गई। जनता दरबार में गणेश यादव ने जबरन जमीन जोतकर कब्जा करने की शिकायत दर्ज कराई, चौथी ऋषिदेव ने फर्जी जमाबंदी रद्द करने की मांग रखी। कालेश्वर ठाकुर ने जमीन से बेदखल किए जाने का मामला रखा।

फरहानाज ने राशन कार्ड में नाम जोड़ने से संबंधित समस्या बताई। इसके अतिरिक्त राजेश कुमार राज ने प्राथमिक कृषि साख समिति लक्ष्मीपुर में अनियमितताओं की शिकायत की, जबकि पूनम देवी ने अनुकंपा के आधार पर बहाली की मांग की। 
जिला पदाधिकारी ने सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक जांच कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता दरबार के माध्यम से आम लोगों की समस्याओं का त्वरित एवं पारदर्शी निष्पादन सरकार की प्राथमिकता है। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे और कई मामलों में मौके पर ही कार्रवाई की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई।





















